देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के व्यस्त मच्छी बाजार इलाके में रविवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। दूल्हा मार्केट के पास 23 वर्षीय युवती गुंजन की सरेआम चापड़ से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी युवक युवती से बातचीत कर रहा था, तभी अचानक उसने धारदार हथियार से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गुंजन की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भागने की कोशिश कर रहे आरोपी आकाश कुमार (27) को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी शादीशुदा है और लंबे समय से गुंजन का पीछा कर रहा था। सबसे गंभीर बात यह सामने आई है कि मृतका ने दो दिन पहले ही खुड़बुड़ा पुलिस चौकी में आरोपी के खिलाफ धमकी और पीछा करने की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने कदम उठाए होते, तो यह जघन्य हत्या रोकी जा सकती थी।
यह वारदात दून पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। खासकर तब, जब बीते पांच दिनों में देहरादून में महिलाओं की यह तीसरी हत्या है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से आमजन में भय और आक्रोश दोनों बढ़ते जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है, लेकिन लापरवाही को लेकर पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

