देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल में बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, उनकी भक्ति और मानव सेवा से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने सदियों से समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिक चेतना का मार्ग दिखाया है। बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन भी इसी महान परंपरा का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बाबा की भक्ति, सादगी, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम की भावना आज भी लोगों को प्रेरणा देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि संतों, तपस्वियों और आध्यात्मिक परंपराओं की भी पावन भूमि है। नैनीताल स्थित कैंची धाम बाबा नीब करौरी महाराज की तपस्या और आध्यात्मिक विरासत से जुड़ा ऐसा प्रमुख आस्था केंद्र है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि संतों के जीवन और उनके विचारों को सिनेमा जैसे माध्यमों के जरिए नई पीढ़ी तक पहुंचाना भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से युवाओं को जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
मुख्यमंत्री के अनुसार फिल्म ‘हनुमान अंश’ में बाबा नीब करौरी महाराज की आध्यात्मिक यात्रा के साथ-साथ ईश्वर के प्रति उनकी अटूट आस्था, सेवा भावना, विनम्रता, प्रेम और लोककल्याण के विचारों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने फिल्म को भक्ति और मानवीय मूल्यों का संदेश देने वाला प्रयास बताते हुए इसके निर्माताओं और पूरी टीम की सराहना की।
धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति, संत परंपरा और आध्यात्मिक विरासत पर आधारित सार्थक फिल्में समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के साथ ही सेवा, संस्कार और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने में भी भूमिका निभा सकती हैं।
7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’
गौरतलब है कि ‘हनुमान अंश’ फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में शोभिनव सतैया सहित कई कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म को 7 अगस्त 2026 को हिंदी भाषा में देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था।

