देहरादून। जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और उपभोक्ताओं को शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर पूरे जिले में क्षेत्रवार क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) का गठन किया गया है, जो गैस एजेंसियों का लगातार निरीक्षण कर गैस की मांग, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की निगरानी कर रही है।
प्रशासन को शिकायत मिली थी कि शिमला बाईपास रोड स्थित शहीद हीरा गैस एजेंसी द्वारा होम डिलीवरी के आदेशों की अनदेखी करते हुए उपभोक्ताओं को सीधे एजेंसी और गोदाम से ही गैस सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं। इससे एजेंसी पर भारी भीड़ जमा हो गई और कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बन गई।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार, तहसीलदार और जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि नया गांव पेलियो क्षेत्र स्थित गैस गोदाम से ट्रक के माध्यम से उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर बांटे जा रहे थे, जबकि प्रशासन ने स्पष्ट रूप से होम डिलीवरी के निर्देश दिए थे।
नियमों के उल्लंघन पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए गैस एजेंसी के सिलेंडर जब्त कर लिए और एजेंसी संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955, आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत थाना पटेलनगर में मुकदमा दर्ज कराया है। जब्त किए गए सिलेंडरों को जिला पूर्ति अधिकारी और संबंधित तेल कंपनी की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
उधर, गैस आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम भी सक्रिय किया गया है। हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर शाम 5 बजे तक गैस आपूर्ति से जुड़ी कुल 111 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में रविवार को लगभग 18,120 घरेलू और 21 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की गई, जबकि घरेलू सिलेंडरों का करीब 75 हजार का बैकलॉग अभी भी बना हुआ है। जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा कंट्रोल रूम से गैस वितरण व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

