पत्रकारिता के सामने लगातार बढ़ रही हैं चुनौतियां, पत्रकार संगठनों की भूमिका अहम : गिरीश पंत
देहरादून। जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ उत्तराखंड की देहरादून जिला इकाई के चुनाव गुरुवार को संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया के उपरांत नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें मूलचंद शीर्षवाल को जिलाध्यक्ष, ज्योति भट्ट ध्यानी को जिला महामंत्री तथा देवेंद्र चमोली को जिला कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को संगठन के सदस्यों एवं पत्रकार साथियों ने शुभकामनाएं दीं।
चुनाव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में यूनियन के प्रदेश महासचिव गिरीश पंत ने कहा कि मौजूदा समय में पत्रकारिता के समक्ष अनेक चुनौतियां उभरकर सामने आ रही हैं। ऐसे में पत्रकार संगठनों की जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान तथा पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय स्थापित करने में संगठनों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर प्रवीण मेहता ने कहा कि नई जिला कार्यकारिणी पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पदाधिकारी पत्रकारों को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करेंगे, ताकि पत्रकारों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से संबंधित मंचों तक पहुंचाया जा सके।
इस अवसर पर रक्तदाता शिरोमणि अनिल वर्मा एवं पर्यावरणविद् जगदीश बावला ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पत्रकारिता के सामने कई प्रकार की चुनौतियां हैं, जिनसे निपटने के लिए पत्रकारों में एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती आवश्यक है। उन्होंने जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ उत्तराखंड की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यूनियन प्रदेश में पत्रकारों की समस्याओं को तत्परता से उठाने वाले संगठनों में प्रमुख है। पत्रकारों के हितों के लिए संगठन द्वारा किए गए कार्य भी उल्लेखनीय हैं।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष मूलचंद शीर्षवाल, जिला महामंत्री ज्योति भट्ट ध्यानी एवं जिला कोषाध्यक्ष देवेंद्र चमोली ने अपने निर्वाचन पर संगठन के सदस्यों और पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ किया जाएगा। पत्रकारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के साथ ही उनके हितों के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान निवर्तमान जिलाध्यक्ष मोहम्मद शाह नजर ने अपने कार्यकाल में किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने संगठन की गतिविधियों और उपलब्धियों से उपस्थित सदस्यों को अवगत कराया।
कार्यक्रम में प्रदेश कोषाध्यक्ष ललिता बलूनी, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र वर्मा, एस.पी. उनियाल, अधीर मुखर्जी, द्विजेंद्र बहुगुणा, संजय अग्रवाल, आरती वर्मा, जावेद, नवीन बडथ्वाल, किशन सिंह गुसाईं, सतीश कुमार पुंडीर, वीरेश रोहिला, दीपक कुमार गुप्ता, विश्वजीत, अफरोज खान, मोहम्मद खालिद, रक्षा शर्मा, दीपिका आनंद, राजीव आनंद, आरिफ खान, वीरेंद्र दत्त गैरोला, जाहिद, धर्मेंद्र प्रसाद भट्ट, स्मिता खंडूरी, सोनाक्षी, विकास चौहान, विजयलक्ष्मी, सौरभ ढौंडियाल, ललित मोहन लखेड़ा, हरिद्वार प्रेस क्लब के महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल, जगदीश सिंह रावत, रामपाल भारती, सी.आर. भट्ट एवं प्रताप सिंह सहित अनेक पदाधिकारी और पत्रकार उपस्थित रहे।

