बरेली, 27 सितंबर — हाल ही में बरेली में हुई हिंसा के मामले में इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
एसएसपी और जिला प्रशासन ने संयुक्त प्रेस वार्ता में बताया कि मौलाना तौकीर रजा के खिलाफ कुल 7 एफआईआर दर्ज की गई हैं। हिंसा के संबंध में अब तक 8 लोगों की गिरफ्तारी और 39 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि हिंसा के दौरान 22 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ को छर्रे लगे हैं और उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद के बाद प्रदर्शन का ऐलान
मौलाना तौकीर रजा ने “आई लव मोहम्मद” को लेकर प्रदर्शन का ऐलान किया था, जिसके बाद शहर के विभिन्न हिस्सों में तनाव और हिंसा की घटनाएं सामने आईं। पुलिस के अनुसार, खलील तिराहे पर भीड़ एकत्र हुई थी और इस्लामिया कैंपस की ओर बढ़ने का प्रयास कर रही थी। इस दौरान भीड़ को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन हिंसा भड़क गई।
FIR में शामिल धाराएं और बरामदगी
प्रमुख एफआईआर कोतवाली थाने में दर्ज की गई है, जिसमें धारा 109, 118 सहित कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। घटनास्थल से ईंट-पत्थर, खोखे, तमंचे, ब्लेड, जिंदा कारतूस सहित कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी
पुलिस के पास अब तक 200 सीसीटीवी फुटेज मौजूद हैं और तकनीकी तथा मैन्युअल तरीकों से आरोपियों की पहचान की जा रही है। सभी संदिग्धों के मोबाइल फोन की जांच कर डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। प्रशासन ने कहा कि हिंसा की साजिश में शामिल सभी लोगों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

