नैनीताल/देहरादून। उत्तराखण्ड एसटीएफ लगातार इनामी और फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में एसटीएफ ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। दो वर्षों से फरार चल रहे 25 हज़ार के इनामी दुष्कर्मी को पंजाब के मोहाली स्थित एक कबाड़ गोदाम से गिरफ्तार कर लिया गया।
🔸 ई-रिक्शा चालक बनकर नाबालिग का अपहरण और दुष्कर्म
गिरफ्तार आरोपी आरिफ पुत्र कल्लू, निवासी बटोली, जनपद कानपुर देहात, हरिद्वार के रानीपुर क्षेत्र में ई-रिक्शा चलाता था। वर्ष 2024 में उसने 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में कोतवाली रानीपुर, हरिद्वार में उसके खिलाफ मु.अ.सं. 206/24, धारा 376(3) IPC तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज हुआ था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार था।
🔸 डीजीपी दीपम सेठ के निर्देशों पर लगातार अभियान
उत्तराखण्ड के पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ द्वारा पदभार संभालते ही इनामी और वांछित अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं स्पष्ट निर्देशों के तहत कुख्यात गैंगस्टरों एवं फरार अपराधियों की धरपकड़ तेज की गई है।
🔸 एसटीएफ देहरादून की एक सप्ताह की कड़ी मेहनत
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में टीम ने इस मामले में गहन पड़ताल की। जानकारी मिली कि आरोपी पंजाब में कबाड़ के गोदामों में मजदूरी कर रहा है।
इसके बाद एसटीएफ की टीम ने लगभग एक सप्ताह तक मोहाली में रहकर मैन्युअल जांच की और बलौंगी एवं आसपास के क्षेत्रों के कबाड़ गोदामों में रह रहे कामगारों का सत्यापन किया।
अंततः 07 दिसंबर 2025 को पंजाब के बलौंगी, मोहाली से आरोपी आरिफ को गिरफ्तार कर लिया गया। वह वहां एक कबाड़ गोदाम में छिपकर रह रहा था।
🔸 आरोपी की जानकारी
नाम: आरिफ
पिता का नाम: कल्लू
निवासी: बटोली, जनपद कानपुर देहात
एसटीएफ की यह कार्रवाई फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।

