देहरादून। उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान को बड़ी सफलता मिली है। राज्य एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट और रूद्रपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक अंतर्राज्यीय हथियार तस्कर को भारी मात्रा में अवैध असलहों और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मौ० आसिम पुत्र शकील अहमद, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम धनसारा, थाना बाजपुर, ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के दौरान बरामदगी
- 04 अवैध ऑटोमैटिक पिस्टल
- 01 अवैध बंदूक
- 40 जिंदा कारतूस
गिरफ्तारी की कार्रवाई
एसटीएफ को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि बाजपुर क्षेत्र से राज्य और अन्य राज्यों में अवैध हथियार व कारतूसों की तस्करी हो रही है। करीब एक माह की गुप्त निगरानी के बाद बुधवार देर रात एसटीएफ को मुखबिर से सूचना मिली कि बाजपुर का एक सक्रिय हथियार तस्कर रुद्रपुर में बड़ी खेप सप्लाई करने आने वाला है।
सूचना पर एसटीएफ और रुद्रपुर कोतवाली पुलिस की टीम ने काशीपुर रोड स्थित फ्लाईओवर के नीचे घेराबंदी करते हुए आरोपी को दबोच लिया। आरोपी के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ।
नक्श गन हाउस से जुड़ा है आरोपी
गिरफ्तार आसिम अपने पिता और भाई के साथ बाजपुर में ‘नक्श गन हाउस’ नामक दुकान चलाता है। इसी गन हाउस पर वर्ष 2023 में एनआईए ने गैंगस्टरों को हथियार सप्लाई किए जाने के मामले में छापेमारी की थी। उस दौरान एनआईए ने दोनों भाइयों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया था।
नाभा जेल ब्रेक कांड से रहा कनेक्शन
आसिम का नाम देश के चर्चित 2016 नाभा जेल ब्रेक कांड में भी सामने आ चुका है। उस मामले में आरोप था कि आसिम ने जेल ब्रेक में शामिल आतंकियों और कुख्यात गैंगस्टरों को सौ से अधिक कारतूस सप्लाई किए थे, जिनका उपयोग हमले में हुआ था। इस मामले में आसिम करीब साढ़े छह वर्ष तक पटियाला जेल में बंद रहा।
एसटीएफ को मिला बड़े नेटवर्क का सुराग
पूछताछ में एसटीएफ को पता चला है कि आरोपी पिछले 10 वर्षों से बड़े स्तर पर अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहा था और उसका एक मजबूत अंतर्राज्यीय नेटवर्क सक्रिय है। एसटीएफ इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
उत्तराखण्ड में अब तक की कार्रवाई
अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक
- 04 प्रकरणों में
- 16 अवैध पिस्टल
- 01 बंदूक
- 40 जिंदा कारतूस
के साथ कुल 04 आरोपियों को एसटीएफ गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत एसटीएफ लगातार पूरे राज्य में संगठित अपराध और हथियार तस्करी के खिलाफ सघन अभियान चला रही है।

