देहरादून, 6 मार्च। ओएनजीसी की मेजबानी में पब्लिक सेक्टर स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (पीएसपीबी) के तत्वावधान में परेड ग्राउंड स्थित इंडोर स्टेडियम में 33वीं बास्केटबॉल और 45वीं वॉलीबॉल चैम्पियनशिप का शुभारम्भ हो गया। चार दिवसीय यह प्रतियोगिता 6 से 9 मार्च तक आयोजित की जा रही है, जिसमें सार्वजनिक क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों की टीमें भाग ले रही हैं।
इस टूर्नामेंट में ओएनजीसी, आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल, सीपीसीएल, ओआईएल और एमआरपीएल के खिलाड़ी पूरे उत्साह के साथ मैदान में उतर रहे हैं। प्रतियोगिता में वॉलीबॉल की आठ और बास्केटबॉल की छह टीमें अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी।
प्रतियोगिता का उद्घाटन ओएनजीसी के निदेशक (एचआर) मनीष पाटिल और प्रमुख मानव संसाधन सेवाएं नीरज कुमार शर्मा ने किया। इस अवसर पर मनीष पाटिल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन का अहम हिस्सा है, जो हमें स्वस्थ रखने के साथ-साथ टीमवर्क, अनुशासन और नेतृत्व जैसे महत्वपूर्ण गुणों का विकास भी करता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों को देखकर गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीतने का माध्यम नहीं बल्कि टीमवर्क, अनुशासन और सहयोग की भावना सिखाने का भी जरिया है। साथ ही उन्होंने बताया कि ओएनजीसी प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए खेल छात्रवृत्ति योजना भी संचालित करता है।
पब्लिक सेक्टर स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड की सदस्य सचिव सबीना चौधरी ने कहा कि खेल सिर्फ शारीरिक गतिविधि नहीं बल्कि जीवन जीने की कला है। मैदान में हार-जीत से बड़ी खेल भावना और समर्पण होता है।
प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए वॉलीबॉल मुकाबले में ओएनजीसी ने बीपीसीएल को 3-0 से हराकर शानदार बढ़त हासिल की। वहीं बास्केटबॉल मुकाबलों में ओएनजीसी ने आईओडी को 71-39 से हराया, जबकि ओआईएल ने आईओसीएल को 89-45 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।
इस अवसर पर ओएनजीसी के खेल प्रमुख निशांत कुमार, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं वॉलीबॉल इंचार्ज अविनाश कुमार यादव, उप महाप्रबंधक विशाल कुमार शर्मा, मुख्य प्रबंधक एवं बास्केटबॉल इंचार्ज दिनेश कुमार, बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के तकनीकी निदेशक नारमन आईसेक सहित कई अधिकारी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।

