बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 89 वर्षीय अभिनेता उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिसके चलते उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
सूत्रों के मुताबिक, धर्मेंद्र की हालत स्थिर बताई जा रही है और यह भर्ती रूटीन चेकअप का हिस्सा हो सकती है। परिवार के करीबी सूत्रों ने बताया कि किसी भी तरह की गंभीर चिंता की बात नहीं है।
अस्पताल में उनकी पत्नी और मशहूर अभिनेत्री हेमा मालिनी भी पहुंचीं और उन्होंने मीडिया से हाथ जोड़कर प्रशंसकों से प्रार्थना करने की अपील की। वहीं, धर्मेंद्र के बेटे सनी देओल और बॉबी देओल भी अस्पताल पहुंचकर पिता की देखभाल में जुटे हैं।
फिलहाल डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है। परिवार का कहना है कि जल्द ही धर्मेंद्र को डिस्चार्ज कर दिया जाएगा, अगर सबकुछ सामान्य रहा।
फैंस सोशल मीडिया पर अभिनेता की जल्दी स्वस्थ होने की दुआएं कर रहे हैं। धर्मेंद्र को हिंदी सिनेमा के सबसे प्यारे और सम्मानित अभिनेताओं में गिना जाता है, जिन्होंने अपने करियर में ‘शोले’, ‘चुपके चुपके’, ‘अनुपमा’, ‘सीता और गीता’ जैसी दर्जनों हिट फिल्में दी हैं।

