लगातार गिर रही पोस्ट ऑफिस कॉलोनी की दीवार, पानी का रिसाव बढ़ा रहा खतरा
देहरादून | 5 फरवरी 2026 (वीरवार)
देहरादून स्मार्ट सिटी के अंतर्गत आने वाले वार्ड 13 चकुवाला क्षेत्र में स्थित पीएनटी (पोस्ट ऑफिस) कॉलोनी की जर्जर दीवार स्थानीय लोगों के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। यह दीवार पूर्व पार्षद दीपा शाह के आवास से गुरुद्वारे की ओर जाने वाले मार्ग को जोड़ती है, जो अब पूरी तरह से जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच चुकी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार दीवार लगातार धराशायी हो रही है, वहीं इसके ठीक पास से बह रहा पानी का रिसाव स्थिति को और भयावह बना रहा है। फिसलन के कारण वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वाले लोग भी बार-बार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग, जिनमें स्कूली बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं, आवाजाही करते हैं।
चकुवाला निवासी, मानवाधिकार कार्यकर्ता एवं समाजसेवी चंद्र मोहन अरोड़ा ने बताया कि क्षेत्र की स्थिति अत्यंत चिंताजनक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अब तक कई लोग इस मार्ग पर गिरकर घायल हो चुके हैं, बावजूद इसके संबंधित विभाग आंखें मूंदे बैठा है। दीवार की जर्जर हालत के साथ-साथ उसमें उगे पेड़ भी दीवार को और कमजोर बना रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों में इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। अरोड़ा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही प्रशासन व संबंधित विभाग द्वारा इस समस्या का संज्ञान लेकर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्रीय जनता के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए विवश होना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।
वहीं, पीएनटी कॉलोनी की दीवार को लेकर जिम्मेदारी तय करने के बजाय पोस्ट ऑफिस विभाग इसे बीएसएनएल से संबंधित क्षेत्र बताकर अपना पल्ला झाड़ता नजर आ रहा है। विभागों के बीच जिम्मेदारी टालने का यह रवैया आम जनता की जान पर भारी पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले का तत्काल निरीक्षण कर दीवार की मरम्मत, पेड़ों की कटाई और पानी के रिसाव को जल्द से जल्द रोका जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले हालात काबू में लाए जा सकें।

