हरिद्वार। जिला प्रशासन में हुए बदलाव के तहत डॉ. ललित नारायण मिश्र ने हरिद्वार के नए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने पूर्व सीडीओ आकांक्षा कोडें के स्थान पर यह जिम्मेदारी संभाली है।
पदभार ग्रहण के दौरान विकास भवन स्थित कार्यालय में जिलास्तरीय अधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. मिश्र ने अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही उन्होंने योजनाओं के सफल क्रियान्वयन और समयबद्ध निष्पादन पर भी विशेष जोर दिया।
पदभार ग्रहण के बाद डॉ. मिश्र ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित से जिला कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी यशपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।
डॉ. मिश्र के नेतृत्व में जिले में विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

