नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला क्षेत्र के पास सोमवार शाम एक भारी विस्फोट हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी एक कार में हुआ, जिसके बाद आग तेजी से आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों और पास की कुछ दुकानों तक फैल गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए मशक्कत की। फिलहाल आग बुझा दी गई है, लेकिन कई वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस विस्फोट में कई लोगों की मौत होने की आशंका है, जबकि कुछ अन्य के घायल होने की खबर है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अभी तक मृतकों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
विस्फोट के बाद दिल्ली पुलिस ने पूरे इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया है। बम निरोधक दस्ते और फॉरेंसिक टीमें मौके पर जांच में जुटी हैं। प्रारंभिक जांच में विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
दिल्ली पुलिस ने राजधानी में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है और आस-पास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम भी मौके पर रवाना हो गई है।

