देहरादून । देहरादून के डिस्पेंसरी रोड स्थित के सी सिटी सेंटर में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में अचानक आग लग गई। आग लगते ही पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कॉम्प्लेक्स में मौजूद सभी दुकानदारों ने तुरंत अपने-अपने शटर गिरा दिए और एहतियातन बिजली सप्लाई बंद कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
मौके पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस ने कॉम्प्लेक्स के दुकानदारों और प्रबंधन को कड़ी चेतावनी दी। पुलिस ने स्पष्ट रूप से कहा कि बेसमेंट में कूड़ा डालना या जमा करना खतरनाक साबित हो सकता है। साथ ही नीचे आने-जाने वाले लोगों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि सभी दुकानदार और कॉम्प्लेक्स प्रबंधन समय रहते सतर्कता बरतते, तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था। पुलिस ने यह भी कहा कि अगर यही घटना रात के समय होती, तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से कॉम्प्लेक्स में साफ-सफाई और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की अपील की गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

