देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्य के मैदानी इलाकों में रविवार रात हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को हल्की ठिठुरन का एहसास होने लगा है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों से दिलकश नज़ारे सामने आ रहे हैं। प्रसिद्ध तीर्थस्थल केदारनाथ और हेमकुंड साहिब में इस सीज़न की पहली बर्फबारी हुई है, जिससे चारों ओर बर्फ की चादर बिछ गई है।
केदारनाथ धाम की पहाड़ियों पर ताज़ी बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट आई है और तीर्थयात्रियों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर, हेमकुंड साहिब में भी बर्फबारी ने नज़ारा मनमोहक बना दिया है। बर्फ से ढकी चोटियों और सफेद परतों से सजे रास्तों ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों दोनों को आकर्षित किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में पहाड़ी क्षेत्रों में और बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है, जबकि मैदानी हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
बदलते मौसम के चलते प्रशासन ने यात्रा पर निकले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है और ऊंचाई वाले इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

