देहरादून । वार्ड 3 और वार्ड 100 के कई उपभोक्ताओं में उस समय हड़कंप मच गया जब उनके मोबाइल पर सिलेंडर डिलीवर होने का मैसेज आ गया, जबकि उनका कहना है कि उन्होंने अभी गैस सिलेंडर बुक भी नहीं कराया था। यह मामला भारत गैस के उपभोक्ताओं से जुड़ा बताया जा रहा है, जो स्थानीय नंदा गैस एजेंसी से जुड़े हुए हैं।
उपभोक्ताओं के अनुसार अचानक मोबाइल पर आए मैसेज में बताया गया कि उनका गैस सिलेंडर डिलीवर कर दिया गया है। मैसेज मिलने के बाद कई लोग हैरान रह गए, क्योंकि उन्होंने हाल ही में सिलेंडर की कोई बुकिंग नहीं की थी। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भ्रम और नाराजगी की स्थिति बन गई।
वार्ड 3 और वार्ड 100 में रहने वाले कई उपभोक्ताओं ने बताया कि इस तरह के मैसेज आने से उन्हें शक हुआ कि कहीं उनके नाम से गलत तरीके से सिलेंडर की एंट्री तो नहीं की जा रही। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि अगर बिना बुकिंग के डिलीवरी का रिकॉर्ड दिखाया जा रहा है तो यह गंभीर जांच का विषय है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि संबंधित गैस एजेंसी को इस मामले में स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए ताकि लोगों में फैल रही आशंका दूर हो सके। वहीं लोगों ने प्रशासन और गैस कंपनी से भी इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र के उपभोक्ताओं में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि गैस एजेंसी की ओर से क्या सफाई सामने आती है।

