देहरादून। डीएवी इंटर कॉलेज में आयोजित एनसीसी एवं एनएसएस के सात दिवसीय संयुक्त समर कैंप का समापन समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य प्रशिक्षक के रूप में यूथ रेडक्रॉस सोसाइटी के मुख्य आपदा प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन, संघर्ष और धैर्य सफलता का आधार हैं। इनमें से किसी एक गुण की कमी भी लक्ष्य प्राप्ति में बाधा उत्पन्न कर सकती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से ग्रीष्मकालीन अवकाश का सदुपयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि समय को मोबाइल, टीवी और लैपटॉप पर व्यर्थ गंवाने के बजाय शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के साथ समाजसेवा जैसी सकारात्मक गतिविधियों में लगाना चाहिए। उन्होंने फास्ट फूड और नशे से दूर रहने तथा अच्छे संस्कारों को अपनाने की सलाह दी।
समारोह की अध्यक्षता प्रधानाचार्य डॉ. एस.के. श्रीवास्तव ने की। उन्होंने कहा कि गर्मी की लंबी छुट्टियां व्यक्तित्व विकास, नई कौशल सीखने, खेल, संगीत, विज्ञान एवं रोजगारपरक गतिविधियों के लिए सर्वोत्तम अवसर प्रदान करती हैं। इस दौरान नकारात्मक गतिविधियों से बचकर रचनात्मक कार्यों में समय लगाना चाहिए।
समापन अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. एस.के. श्रीवास्तव ने शिविर के सफल संचालन के लिए डॉ. अनिल वर्मा, एनसीसी नेवल अधिकारी सुधीर पोखरियाल, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बबीता सहोत्रा, श्रद्धा श्रीवास्तव, ज्योति कुमार तथा सतेंद्र कुमार को सम्मानित किया। वहीं यूथ रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से डॉ. अनिल वर्मा ने प्रधानाचार्य सहित सभी प्रवक्ताओं को सम्मानित किया।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को शारीरिक व्यायाम, योग, प्राणायाम, आउटडोर खेलों, चित्रकला, सुलेख, कविता पाठ, देशभक्ति गीतों तथा व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही आपदा प्रबंधन, अग्निशमन, प्राथमिक चिकित्सा, सीपीआर, रक्तदान, नेत्रदान, नशामुक्ति, रोड सेफ्टी, जल एवं ऊर्जा संरक्षण सहित विभिन्न सामाजिक विषयों पर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने लोकगीत एवं देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। अंत में शिविर संयोजक एवं एनसीसी अधिकारी सुधीर पोखरियाल ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

