देहरादून। टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत श्री श्री 108 कृष्ण गिरी जी महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में दून वेली महानगर उद्योग व्यापार मंडल एवं अपोलो डायग्नोस्टिक के संयुक्त तत्वावधान में मिशन स्कूल, पलटन बाज़ार में एक विशाल रक्तदान शिविर एवं हेल्थ-एंड-वेल्थ मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक चला, जिसमें शहर के व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना तथा जनसेवा के माध्यम से मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना था। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने के इस पुनीत अभियान में अपना योगदान दिया। वहीं हेल्थ-एंड-वेल्थ मेले में स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं विभिन्न जनहितकारी जानकारियां भी उपलब्ध कराई गईं।
इस अवसर पर दून वेली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री पंकज मैसोन व महामंत्री पंकज डिढ़ान ने कहा कि रक्तदान महादान है और समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने सभी व्यापारियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में अनिल वर्मा, रक्तशिरोमणि भी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि अनिल वर्मा अब तक 115 बार रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन चुके हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है और इससे बड़ा कोई दान नहीं हो सकता।
शिविर में शहर के विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों, व्यापारियों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी जनहित एवं समाज सेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं, चिकित्सकीय टीम तथा रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन में सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना देखने को मिली, जिसकी सभी उपस्थितजनों ने सराहना की।

